रायगढ़। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किण्डर वैली प्ले स्कूल में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नन्हें-मुन्ने बच्चों ने फैंसी ड्रेस, लघु नाटक और देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा स्कूल परिसर तिरंगे के रंग और देशप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया।
लघु नाटक में बच्चों ने जवानों की भूमिका निभाकर सीमा पर देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के साहस, त्याग और समर्पण की भावपूर्ण झलक प्रस्तुत की। नन्हें कलाकारों के अभिनय ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों को भावुक कर दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इसके बाद देशभक्ति गीतों पर बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। नन्हें कदमों की थिरकन, चेहरे पर आत्मविश्वास और हाथों में तिरंगा देखकर हर किसी के चेहरे पर गर्व साफ नजर आया। अलग-अलग प्रस्तुतियों में बच्चों की महीनों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन की झलक दिखाई दी।
तीन रंगों में सजे नन्हें सितारे
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर का नजारा बेहद आकर्षक रहा। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को नारंगी, सफेद और हरे रंग की टी-शर्ट में तीन समूहों में बांटा था। बच्चों की पूरी पोशाक तिरंगे की थीम पर तैयार की गई थी।
नारंगी टी-शर्ट वाले बच्चों ने सफेद पैंट और नारंगी कैप, हरी टी-शर्ट वाले बच्चों ने सफेद पैंट और हरी कैप, जबकि सफेद टी-शर्ट वाले बच्चों ने सफेद पैंट और सफेद कैप पहनी थी। हाथों में छोटे-छोटे तिरंगे, कलाई पर तिरंगे रंगों के बैंड और गालों पर तिरंगे के रंग लगाए बच्चे पूरे परिसर में आकर्षण का केंद्र बने रहे।
ऐसा लग रहा था मानो स्कूल परिसर में नन्हें-नन्हें तिरंगे सितारे उतर आए हों। बच्चों की रंग-बिरंगी वेशभूषा और देशभक्ति से भरे उत्साह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए।
कोई भगत सिंह बना तो कोई भारत माता
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी मासूमियत और रचनात्मकता से सभी का मन मोह लिया। कोई काली टोपी और मूंछों में शहीद भगत सिंह के रूप में नजर आया तो कोई भारत माता की वेशभूषा में देशप्रेम का संदेश देता दिखाई दिया।
फौजी और पुलिसकर्मी की वर्दी में सजे नन्हें बच्चों ने देशसेवा और राष्ट्र की सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं मदर टेरेसा की वेशभूषा में सजी बच्ची ने सेवा और मानवता की भावना को दर्शाया। इसके अलावा मोर, बाघ, आम, कमल और वटवृक्ष के रूप में तैयार बच्चों ने फैंसी ड्रेस कार्यक्रम में प्रकृति, संस्कृति और भारतीय पहचान के अलग-अलग रंग बिखेर दिए।
नन्हे कदमों में दिखा देशप्रेम
कार्यक्रम की हर प्रस्तुति के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ता गया। कभी तालियों की गड़गड़ाहट से परिसर गूंजा तो कभी देशभक्ति के गीतों ने माहौल को भावुक कर दिया। नन्हें बच्चों की मासूमियत, आकर्षक वेशभूषा और आत्मविश्वास ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।
किण्डर वैली प्ले स्कूल का यह आयोजन बच्चों के लिए सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति को समझने और उसे अपने नन्हें अंदाज में प्रस्तुत करने का अनूठा अवसर भी बना। नन्हे दिलों में तिरंगे के लिए सम्मान और आंखों में देश के उज्ज्वल भविष्य का सपना दिखाई दिया।