रायगढ़: जिले के युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आ रही है! अगर आप रायगढ़ में रहते हैं और नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं, तो अब आपकी किस्मत चमकने वाली है। रायगढ़ जिला प्रशासन ने स्थानीय युवाओं को सीधे बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया है।
अब जिले के 5 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को सीधे नामी-गिरामी बड़ी कंपनियों और उद्योगों के साथ जोड़ (अटैच) दिया गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब आईटीआई में वही पढ़ाई और ट्रेनिंग होगी, जिसकी जरूरत कंपनियों को है। ट्रेनिंग पूरी होते ही युवाओं के लिए नौकरी के रास्ते खुल जाएंगे।
बाहर वालों की होगी छुट्टी, लोकल युवाओं को मिलेगी तरजीह
अक्सर यह देखा जाता है कि रायगढ़ में 100 से भी ज्यादा उद्योग-धंधे होने के बावजूद यहां के स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाता था। ठेकेदार और कंपनियां अक्सर बाहर के राज्यों से मजदूरों और तकनीकी लोगों को बुलाकर काम पर रख लेते थे। इसका सबसे बड़ा कारण यह था कि स्थानीय युवाओं के पास उद्योगों की जरूरत के हिसाब से सही ट्रेनिंग नहीं थी। लेकिन अब कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के एक कड़े फैसले ने इस पूरी तस्वीर को बदलने की तैयारी कर ली है।
जानिए कौन सी ITI किस कंपनी के साथ जुड़ी:
कलेक्टर के आदेश पर हुए इस नए समझौते (MoU) के तहत अब ये कंपनियां सीधे आईटीआई भवनों को अपग्रेड करेंगी और नई सुविधाएं देंगी:
धरमजयगढ़ ITI – अब SECL के साथ मिलकर युवाओं को तैयार करेगी।
घरघोड़ा ITI – इसे NTPC तलाईपाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लैलूंगा ITI – अब CSPGCL के साथ मिलकर काम करेगी।
तमनार ITI – इसे JPL तमनार के साथ अटैच किया गया है।
खरसिया ITI – यहां के युवाओं को JSPL के अनुसार ट्रेनिंग मिलेगी।
खदानों में अब काम करेंगे हमारे अपने युवा
इस नए प्लान का सबसे बड़ा फायदा कोल माइनिंग (खदान) प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को मिलेगा। अब तक कोयला खदानों में काम करने के लिए ठेकेदार दूसरे राज्यों से लेबर लाते थे। लेकिन अब आईटीआई में सीधे खदानों के काम आने वाले आधुनिक ट्रेड सिखाए जाएंगे।
इसी साल से शुरू होगा नया धमाका!
खास बात यह है कि इस पूरे प्रोजेक्ट का खर्च कंपनियों के सीएसआर (CSR) फंड से निकाला जाएगा, यानी सरकारी खजाने पर भी बोझ नहीं पड़ेगा। कलेक्टर ने साफ निर्देश दे दिए हैं कि इसी साल से नए ट्रेड के बैच शुरू कर दिए जाएं। तो फिर देर किस बात की? तैयारी कर लीजिए, क्योंकि अब रायगढ़ के युवाओं को अपने ही घर में शानदार रोजगार मिलने वाला है!