महिला की बिगड़ी तबीयत, स्वास्थ्य विभाग गायब; भाजपा कार्यकर्ताओं ने संभाली जान बचाने की जिम्मेदारी
रायगढ़। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुसुमुरा में आयोजित मुख्यमंत्री विष्णु देव सांय के ‘सुशासन धन्यवाद शिविर’ और भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की बड़ी पोल खुल गई। हजारों लोगों की मौजूदगी वाले इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ऐसी लापरवाही सामने आई, जिसने पूरे आयोजन पर सवालिया निशान लगा दिया।
कार्यक्रम के दौरान ‘बिहान समूह’ से जुड़ी एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। भीड़ के बीच महिला बेसुध होने लगी, लेकिन मौके पर न कोई डॉक्टर मौजूद मिला, न प्राथमिक उपचार की टीम और न ही स्ट्रेचर जैसी बुनियादी सुविधा। जिस आयोजन को “सुशासन” का उदाहरण बताया जा रहा था, वहां स्वास्थ्य व्यवस्था खुद आईसीयू में नजर आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला की हालत बिगड़ती देख कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानवता दिखाते हुए तुरंत महिला को भीड़ से बाहर निकाला, पानी पिलाया और प्राथमिक राहत पहुंचाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार्यकर्ता समय रहते मदद के लिए आगे नहीं आते, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद ग्रामीणों और मौजूद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि जब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ही स्वास्थ्य सुविधाओं का यह हाल है, तो आम दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
इस घटना ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। VVIP कार्यक्रम में एम्बुलेंस, मेडिकल टीम और आपात व्यवस्था का अभाव विभागीय उदासीनता और कागजी तैयारियों की हकीकत उजागर करता है।