Jantatop.Com | विशेष रिपोर्ट
रायगढ़। एसईसीएल क्षेत्र की खुली खदान में ओवरबर्डन हटाने का कार्य कर रही आरकेएस ठेका कंपनी एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। खदान में कार्यरत मजदूरों ने आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा भोजन बेहद निम्न गुणवत्ता का है और कई बार खाने में कीड़े-मकोड़े, मक्खियां व अन्य अशुद्धियां तक मिल चुकी हैं। इससे मजदूरों में भारी नाराजगी है और उनके स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
मजदूरों का कहना है कि वे दिन-रात कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं, लेकिन बदले में उन्हें ऐसा भोजन दिया जा रहा है जिसे खाना भी मुश्किल हो जाता है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते भोजन की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो कभी भी फूड पॉइजनिंग जैसी गंभीर घटना हो सकती है। उनका सवाल है कि आखिर कंपनी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रही है।
जब इस मामले में कंपनी प्रबंधन से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनका कहना था कि बरसात के मौसम में कभी-कभी ऐसी स्थिति बन जाती है। हालांकि मजदूरों का दावा है कि यह समस्या नई नहीं बल्कि लंबे समय से चली आ रही है और हर मौसम में भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें होती रही हैं।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कंपनी की लापरवाही लगातार जारी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे काम बंद कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।






