- रायगढ़ न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाली अधिवक्ता कु. अराधना सिदार की हुई पहचान, बार एसोसिएशन में शोक की लहर
जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र से सामने आई महिला की नृशंस हत्या की गुत्थी अब और भी दर्दनाक हो गई है। तुमिडीह डैम किनारे जंगल में नग्न अवस्था में मिली युवती की लाश की पहचान अब रायगढ़ न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाली अधिवक्ता कु. अराधना सिदार के रूप में हुई है। इस खबर के सामने आते ही अधिवक्ता संघ सहित पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मंगलवार को डैम किनारे जंगल में एक युवती का शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पूंजीपथरा पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवती के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था और चेहरा किसी भारी पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था। गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित और बेहद क्रूर हत्या का प्रतीत हो रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतका पिछले पांच वर्षों से रायगढ़ न्यायालय में वकालत कर रही थीं। एक महिला अधिवक्ता के साथ हुई इस अमानवीय घटना ने कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के अधिवक्ताओं और सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राम किंकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भेज दिया है। आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
इधर जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ द्वारा शोक सभा आयोजित करने की घोषणा की गई है। संघ के सचिव लोकनाथ केशरवानी द्वारा जारी सूचना में कहा गया है—
“बहुत ही दुख के साथ सूचित किया जाता है कि अधिवक्ता कु. अराधना सिदार का आकस्मिक निधन हो गया है। उनकी आत्मा की शांति हेतु दोपहर 12:30 बजे बार रूम में शोक सभा आयोजित की गई है, जिसमें आप सभी की उपस्थिति प्रार्थनीय है।”
“अधिवक्ता कु. अराधना सिदार के साथ हुई यह घटना बेहद दुखद, पीड़ादायक और पूरे अधिवक्ता समाज को झकझोर देने वाली है। एक महिला वकील, जो न्याय व्यवस्था का हिस्सा बनकर लोगों को न्याय दिलाने का काम करती थीं, उनके साथ इस तरह की अमानवीय वारदात होना बेहद चिंताजनक है। हम सभी अधिवक्ता परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और शासन-प्रशासन से मांग करते हैं कि इस जघन्य हत्या के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर से कठोर सजा दी जाए।”
— आशीष कुमार मिश्रा , अधिवक्ता रायगढ़
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे रायगढ़ को झकझोर कर रख दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस जघन्य वारदात के पीछे कौन लोग हैं और उन्हें कब तक कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।




